-PBCS का 32वाँ दुर्गा पूजा समारोह — बंगाल की कला, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम
जयपुर। प्रोबासी बंगाली कल्चरल सोसायटी (PBCS), जयपुर द्वारा जय क्लब लॉन्स, सी-स्कीम, जयपुर में 15 से 21 अक्टूबर 2026 तक 32वें वर्ष का भव्य दुर्गा पूजा समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह समारोह राजस्थान में आयोजित होने वाले सबसे बड़े दुर्गा पूजा उत्सव के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। इस वर्ष माँ दुर्गा की लगभग 20 फीट ऊँची भव्य एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमा श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रतिमा निर्माण में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। समारोह के लिए तैयार किया गया भव्य पंडाल पश्चिम बंगाल की कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और स्थापत्य शैली को प्रदर्शित करता है। पंडाल की सजावट के माध्यम से राजस्थान की धरती पर बंगाल की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। समारोह के दौरान प्रतिदिन संध्या समय बंगाली परंपरा एवं विधि-विधान के अनुसार भव्य संध्या आरती आयोजित की जाएगी। आरती के अवसर पर पारंपरिक शंखध्वनि, ढाक तथा अन्य बंगाली धार्मिक परंपराओं की झलक श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी। पूजा समारोह के दौरान धुनुची नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियाँ, प्रतियोगिताएँ तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियाँ मुख्य आकर्षण रहेंगी। कोलकाता से आने वाले प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम समारोह को विशेष सांस्कृतिक आयाम प्रदान करेंगे। PBCS के अध्यक्ष डॉ. एस. के. सरकार ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि कला, संस्कृति, सामाजिक समरसता और भाईचारे का उत्सव है। PBCS का प्रयास है कि जयपुरवासियों को बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ सभी समुदायों को इस उत्सव से जोड़कर एकता एवं सद्भाव की भावना को मजबूत किया जाए। PBCS के महासचिव डॉ. रॉबिन सरकार ने बताया कि इस वर्ष समारोह में देश के विभिन्न स्थानों से प्रतिष्ठित कलाकार भाग लेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पारंपरिक नृत्य, संगीत, मैजिक शो, डांस एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित अनेक आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जयपुरवासियों से सपरिवार समारोह में शामिल होने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रमुख झलकियाँ
पंचमी — 15 अक्टूबर 2026
कोलकाता की प्रियंका सरकार द्वारा विशेष मैजिक शो
षष्ठी — 16 अक्टूबर 2026
म्यूजिकल ईवनिंग
डांस प्रतियोगिता
स्मारिका (Souvenir) विमोचन
सप्तमी — प्रथम — 17 अक्टूबर 2026
रुनझुन नृत्य कला संस्थान की विशेष प्रस्तुति
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
सप्तमी — द्वितीय — 18 अक्टूबर 2026
गौडीय नृत्य भारती, कोलकाता की विशेष प्रस्तुति
प्रस्तुति: प्रो. महुआ मुखर्जी एवं पंडित अमिताभ मुखर्जी
PBCS Singers द्वारा विशेष संगीतमय प्रस्तुति
अष्टमी — 19 अक्टूबर 2026
अंशु सक्सेना एवं ऑर्केस्ट्रा पार्टी
PBCS Musical Evening
नवमी — 20 अक्टूबर 2026
PBCS Musical Evening
दो वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह
आकर्षक Lucky Draw
विजयादशमी — 21 अक्टूबर 2026
विजयादशमी के अवसर पर दुर्गा पूजा की पारंपरिक रीति के अनुसार महिलाओं द्वारा विशेष ‘सिंदूर खेला’ आयोजित किया जाएगा। यह बंगाली संस्कृति की एक महत्वपूर्ण एवं भावपूर्ण परंपरा है, जिसमें महिलाएँ माँ दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर एक-दूसरे के साथ सिंदूर खेलकर सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य की कामना करती हैं। इसके पश्चात शाम को माँ दुर्गा की भव्य प्रतिमा का विसर्जन पारंपरिक रीति-विधि एवं श्रद्धा के साथ किया जाएगा। पूरे सात दिवसीय समारोह के दौरान प्रतिदिन बंगाली परंपरा के अनुसार संध्या आरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर धुनुची नृत्य भी विशेष आकर्षण रहेगा। समारोह के दौरान पारंपरिक धुनुची नृत्य सहित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण रहेंगी। आयोजकों के अनुसार, दुर्गा पूजा के माध्यम से राजस्थान और पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक परंपराओं के बीच सेतु को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रोबासी बंगाली कल्चरल सोसायटी ने जयपुर एवं राजस्थान के सभी नागरिकों से सपरिवार इस भव्य समारोह में शामिल होकर माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा बंगाल की कला एवं संस्कृति का आनंद लेने का आग्रह किया है।



