IITF-2026 में राजस्थान की प्रभावी सहभागिता 14 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होगा आयोजन

ram

जयपुर। 45 वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ)-2026 का आयोजन 14 से 27 नवंबर, 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में किया जाएगा। मेले में राजस्थान पार्टनर स्टेट के रूप में प्रभावी सहभागिता करेगा। राज्य की समृद्ध औद्योगिक, व्यापारिक एवं सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए राजस्थान पवेलियन स्थापित किया जाएगा। लगभग 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्रस्तावित राजस्थान पवेलियन में प्रदेश के शिल्पकारों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प एवं कला के उत्कृष्ट नमूनों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य की ओर से बिजनेस इंफॉर्मेशन सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। सेंटर के माध्यम से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, रीको, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (बीआईपी) सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की नवीन नीतियों और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। आईआईटीएफ-2026 में राजस्थान की प्रभावी एवं व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग श्री शिखर अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में रीको, बीआईपी, खादी, राजीविका, आरएसएलडीसी तथा महिला एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग श्री शिखर अग्रवाल ने समस्त विभागों को राजस्थान पवेलियन की डिजाइनिंग में राजस्थान की विरासत से विकास तक की यात्रा को प्रमुखता से दर्शाने के निर्देश दिए। बैठक में आईआईटीएफ-2026 के लिए प्रस्तावित राजस्थान पवेलियन की तैयारियों, विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की भागीदारी तथा प्रदेश की उपलब्धियों, औद्योगिक क्षमता और निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने पवेलियन में राजस्थान की विविध औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षमताओं के साथ स्थानीय उत्पादों और शिल्पकला को आकर्षक एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने पर भी विचार-विमर्श किया। आईआईटीएफ-2026 राजस्थान के उद्योग, व्यापार एवं निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने तथा प्रदेश के उद्यमियों, निर्यातकों और व्यापारिक संस्थाओं को व्यापक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *