जयपुर। जयपुर नगर निगम में आज डिप्टी मेयर को लेकर वोटिंग की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार सरोज कंवर और कांग्रेस पार्टी के डिप्टी मेयर उम्मीदवार सलमान मंसूरी नगर निगम मुख्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। बीजेपी की सरोज कंवर ने नामांकन से पहले कहा कि अगर वे चुनाव जीतती है तो शहर को स्वच्छ बनाना पहली प्राथमिकता होगा। वहीं कांग्रेस दावेदार ने दावा किया कि भाजपा में क्रॉस वोटिंग होगी और वे चुनाव जीतेंगे। mबता दें कि सरोज कंवर चुनाव जीत जाती है तो नगर निगम के इतिहास में पहली महिला डिप्टी मेयर होगी। दोपहर 2 बजे के बाद डिप्टी मेयर के नाम की घोषणा हो जाएगी। सरोज कंवर: बीजेपी दावेदार सरोज कंवर भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री रणजीत सिंह सोडाला की पत्नी है। रणजीत रावणा राजपूत समाज के भी प्रदेश अध्यक्ष हैं। पहली बार उनकी पत्नी को टिकट दिया गया है। बीजेपी ने ओबीसी के साथ ही महिला चेहरे को मैदान में उतारा है। अगर सरोज चुनाव जीतती है, तो नगर निगम के इतिहास में वह पहली महिला डिप्टी मेयर होगी। सलमान मंसूरी: ये वार्ड नंबर 137 हवा महल विधानसभा क्षेत्र से पार्षद हैं। सलमान दूसरी बार के पार्षद हैं। इससे पहले उनकी बहन भी पार्षद रह चुकी है। बाड़ेबंदी के बाद निगम में आज फिर जुटेंगे पार्षद मेयर चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी की थी। अब डिप्टी मेयर चुनाव के लिए पार्षद फिर नगर निगम मुख्यालय पहुंचेंगे। मतदान की स्थिति बनने पर सभी पार्षद अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। इसके बाद लंबे समय से चली आ रही बाड़ेबंदी खत्म होने की संभावना है। निर्दलीय पार्षदों को लेकर भी दोनों खेमों में संपर्क और बातचीत का दौर चला है। भाजपा की ओर से निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा किया गया है। हालांकि अंतिम तस्वीर मतदान के बाद ही स्पष्ट होगी। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पार्टी पार्षदों से राय के आधार पर ही फैसला लिया गया है। कांग्रेस के लोग बेवजह विवाद पैदा करना चाहते हैं लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ नहीं होगा। बल्कि, कांग्रेस के काफी पार्षद हमसे संपर्क कर रहे हैं। वह हमारे पक्ष में वोट देना चाहते हैं।

जयपुर नगर निगम डिप्टी मेयर चुनाव : बीजेपी से सरोज कंवर, कांग्रेस से सलमान मंसूरी डिप्टी मेयर दावेदार
ram


