अलवर ग्रामीण में जूली का जादू,मालाखेड़ा में कांग्रेस का परचम, सावित्री मीणा बनीं पहली पालिकाध्यक्ष

ram

मालाखेड़ा। अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की नवनिर्मित मालाखेड़ा नगर पालिका के पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मीणा 13 मत हासिल कर मालाखेड़ा नगर पालिका की पहली पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। भाजपा प्रत्याशी पूरण चंद मीणा को 7 मत मिले।
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर गुलाल उड़ाकर और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया। समर्थकों ने कांग्रेस के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीण विधायक जूली का जताया आभार
जीत के बाद नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष सावित्री मीणा ने राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का आभार जताया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि मालाखेड़ा की जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
सावित्री मीणा ने मालाखेड़ा के सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का भरोसा जताया।

जीत के बाद फूलबाग पहुंचे समर्थक और सावित्री मीणा
अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष सावित्री मीणा कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात करने फूलबाग पहुंचीं। जहां उनका सिंह और जूली ने मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें जीत की बधाई दी। मालाखेड़ा में कांग्रेस के पास चुनाव से पहले 20 में से 9 पार्षद थे, जबकि 9 निर्दलीय और 2 भाजपा पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के लिए निर्दलीय पार्षदों के समर्थन की भूमिका महत्वपूर्ण रही। सावित्री मीणा ने कहा—“मालाखेड़ा नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए देवतुल्य जनता-जनार्दन को कोटि-कोटि प्रणाम। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का दिल से धन्यवाद।

चुनाव स्थल पर हंगामा, पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
अध्यक्ष पद के मतदान के दौरान नगर पालिका परिसर के बाहर उस समय माहौल गरमा गया, जब नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कांग्रेस पार्षदों के साथ चुनाव स्थल पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *