स्पीकर श्री देवनानी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को जन्मदिवस पर दी बधाई एवं शुभकामनाएँ

ram

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और निरंतर कर्मशीलता की प्रेरक यात्रा है। श्री देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेवा और संकल्प की जिस कार्यसंस्कृति को आगे बढ़ाया है, वह देश के लोकतांत्रिक जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास की व्यापक आकांक्षाओं को नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाते हुए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, डिजिटल प्रगति, आधारभूत संरचना और आत्मनिर्भरता जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं का विस्तार किया है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत की विकास यात्रा की वास्तविक शक्ति उसकी युवा प्रतिभा, उद्यमशीलता, ज्ञान-परंपरा और लोकतांत्रिक मूल्यों में निहित है। आज देश अपनी हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक भारत की आकांक्षाओं के समन्वय के साथ भविष्य की ओर अग्रसर है। भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसकी सुदृढ़ होती प्रतिष्ठा देशवासियों के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *