झालावाड़। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत जगन्नाथपुरी-कोणार्क तीर्थ यात्रा के लिए विशेष रेलगाड़ी 22 सितम्बर 2026 को सायं 7 बजे सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह विशेष रेलगाड़ी दुर्गापुरा (जयपुर) से जगन्नाथपुरी-कोणार्क के लिए वाया सवाई माधोपुर-सोगरिया (कोटा) संचालित होगी।
इस यात्रा में सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से बूंदी जिले के 100, बारां जिले के 100 तथा झालावाड़ जिले के 108 चयनित वरिष्ठ नागरिक यात्री सहित कुल 308 यात्री तीर्थ यात्रा पर जाएंगे। झालावाड़ जिले के चयनित यात्रियों को सोगरिया रेलवे स्टेशन पर 22 सितम्बर को दोपहर 12 बजे पहुंचना होगा, ताकि यात्रा से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके।
यात्रियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
चयनित यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, मूल जन आधार/आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों को यात्रा के दौरान दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री, जरूरी औषधियां, व्यक्तिगत आवश्यकता के लिए आवश्यक नगदी एवं पर्याप्त कपड़े साथ लाने होंगे।
यात्रा के दौरान रहेगी चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्थाएं
यात्रियों की सुविधा एवं देखरेख के लिए ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी तथा प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में नियुक्त रहेंगे। यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी ट्रेन में उपलब्ध रहेंगे। देवस्थान विभाग द्वारा यात्रा के दौरान 8 दिनों तक यात्रियों के आवास, भोजन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह तीर्थ यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।


