जयपुर। राजस्थान के निकाय चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यालय में आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के परिणामों को भाजपा सरकार के ढाई साल के कामकाज और संगठन की जनता के बीच सक्रियता पर मुहर बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के संकल्प को स्वीकार किया है। शर्मा ने दावा किया कि युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है और प्रदेश की जनता ने भाजपा की विकास नीति का समर्थन किया है। भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई साल में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जनता के सुख-दुख में भागीदारी निभाते हुए जनसंपर्क को मजबूत किया। इसका लाभ निकाय चुनाव में पार्टी को मिला। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से किए गए संकल्पों में से 78 प्रतिशत संकल्प पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब निकाय चुनाव से पहले जनता के सामने रखे गए ‘नगरीय विकास संकल्प पत्र’ को भी पूरा किया जाएगा। भाजपा ने इस संकल्प पत्र को प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के विकास का रोडमैप बताया था। मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के परिणामों को ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के राजनीतिक मॉडल से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि जनता ने यह स्वीकार किया है कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी धन और समय खर्च होता है। साथ ही आचार संहिता लागू होने के कारण विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के खिलाफ थी, जबकि भाजपा ने प्रदेश के विकास और संसाधनों की बचत के लिए इस व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया। अब चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार का ध्यान लगातार विकास कार्यों पर रहेगा। निकाय चुनाव के परिणामों से उत्साहित मुख्यमंत्री ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस विकास के मॉडल को लेकर भाजपा जनता के बीच गई है, उसी आधार पर आने वाले समय में पंचायतों में पार्टी को निकाय चुनाव से भी अधिक बहुमत मिलेगा। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास चाहती है और निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव में भी जनता का जनादेश भाजपा के साथ रहेगा।

निकाय चुनाव में जीत से उत्साहित भाजपा: सीएम बोले जनता ने विकास पर लगाई मुहर
ram


