चित्तौड़गढ़। प्रदेश में लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम तथा आगामी 17 सितंबर से आयोजित होने वाले विकसित भारत जन सेवा अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। वीसी के दौरान मुख्य सचिव ने लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति, रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों, पशुओं के टीकाकरण तथा विभागीय स्तर पर संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने रोग की प्रभावी रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीओआईटी वीसी कक्ष में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने की समीक्षा
डीओआईटी वीसी कक्ष में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जिले में लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विशेष टीकाकरण अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पशुपालकों को रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जागरूक करने तथा आवश्यकतानुसार तत्काल उपचार एवं नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने आगामी विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के दौरान आमजन को अधिक से अधिक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं विकसित भारत जन सेवा अभियान की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
ram


