जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को कार्रवाई करते हुए जयपुर ग्रामीण के सांभर लेक थाने के थानाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर की। एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पिता के नाम की फर्म को पीडब्ल्यूडी से मिले सड़क निर्माण कार्य को थाना क्षेत्र में निर्बाध रूप से जारी रखने के एवज में थानाधिकारी द्वारा हर माह 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत नहीं देने पर निर्माण स्थल पर लगे वाहनों और कर्मचारियों को थाने ले जाकर परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया गया। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी थानाधिकारी द्वारा हर माह 10 हजार रुपए के हिसाब से कुल 50 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग किया जाना पाया गया। इसके बाद एसीबी की ट्रैप टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए राममिलन मीणा को थानाधिकारी कक्ष में परिवादी से 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा की टीम ने की। एसीबी महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

सांभर लेक थानाधिकारी 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार; निर्माण कार्य निर्बाध चलाने के एवज में हर माह रिश्वत मांगने का आरोप, एसीबी ने थाने में ही दबोचा
ram


