राजस्थान में आज 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

ram

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। उदयपुर संभाग में सबसे अधिक बरसात हुई, जहां कुछ स्थानों पर करीब दो इंच तक पानी बरसा। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब एक महीने बाद हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर 16 सितंबर तक जारी रह सकता है। अगले दो से तीन दिनों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान में पश्चिमी हवाएं तेज होने से गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि पश्चिमी जिलों में अगले सप्ताह के अंत से मानसून की विदाई का चरण शुरू हो सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में सबसे अधिक 46 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बांसवाड़ा, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, जयपुर, राजसमंद, सीकर, नागौर, पाली, कोटा, डूंगरपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर जिलों में भी कई स्थानों पर एक इंच तक पानी बरसा। बारिश के चलते कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया, जबकि किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अगस्त और सितंबर के शुरुआती दिनों में कम बारिश होने से सूखे जैसे हालात बने हुए हैं।

इसी बीच 11 सितंबर से मानसून के फिर सक्रिय होने के बाद जोधपुर में शनिवार शाम हल्की बारिश हुई। करीब एक महीने बाद हुई इस बरसात से शहरवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि, पश्चिमी जिलों में अभी भी पर्याप्त बारिश का इंतजार बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, राजगढ़ और बैतूल होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़, गोपालपुर और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। राज्य में 1 जून से अब तक सामान्य औसत बारिश 410.1 मिलीमीटर है, जबकि इस सीजन में अब तक 304.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। पश्चिमी राजस्थान में मौसम सूखा रहने और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से गर्मी बढ़ने लगी है। शनिवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी जिलों में अगले दिनों में गर्मी का असर बना रह सकता है, जबकि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *