सरकार की नाक के नीचे अपराध और किडनैपिंग बने उद्योग; मुख्यमंत्री हाईकमान को खुश करने में व्यस्त : टीकाराम जूली

ram

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य की जर्जर कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। जूली ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि दिन-दहाड़े वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन संवेदनहीन भाजपा सरकार को जनता की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह राजस्थान के इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है कि कोई मुख्यमंत्री प्रदेश के तमाम अहम और जरूरी कामकाज को ताक पर रखकर केवल स्थानीय निकाय चुनावों में रोड शो निकालने और प्रचार करने में व्यस्त हैं। नेता प्रतिपक्ष ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहाकि शिक्षा नगरी कोटा में एक कोचिंग छात्रा से छेड़छाड़ और अपहरण की खौफनाक कोशिश की गई, जिससे सहमी बेटी इतनी खौफजदा हो गई कि उसे अपनी पहचान छिपाने के लिए पिता के कपड़े पहनकर बाहर निकलना पड़ा। वहीं बृहस्पतिवार को राजधानी जयपुर के अति-सुरक्षित माने जाने वाले सेंट्रल पार्क क्षेत्र से दिन-दहाड़े एक व्यक्ति के अपहरण का दुस्साहसिक प्रयास किया गया। जूली ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे राजस्थान में अब अपराध उद्योग’ फल-फूल रहा है, उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने का ढोल पीटते हुए राइजिंग राजस्थान का आयोजन किया था, लेकिन उससे कितने उद्योग लगे यह अभी सामने आना बाकी है पर आज ज़मीन पर केवल अपराध, गुंडागर्दी, दुष्कर्म और किडनैपिंग उद्योग ही चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की इस बदहाल कानून व्यवस्था से भाजपा सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है और पूरी सरकार जनता को अपराधियों के रहमोकरम पर छोड़कर केवल चुनावी रैलियों में मस्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *