जयपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से स्वामी विवेकानंद जयंती यानी राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर बुधवार को जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें ‘माय भारत’ राजस्थान के जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष के युवाओं को नीति निर्माण और देश के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर इस मंच के माध्यम से मिलेगा। राजस्थान में अब तक 50 हजार से अधिक युवा पंजीकरण करा चुके हैं। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहला चरण डिजिटल क्विज का है, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद क्विज के शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। तीसरे चरण में जिला व राज्य स्तर पर पीपीटी प्रेजेंटेशन होगा। राज्य स्तर से चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले में भाग लेंगे। कार्यक्रम में विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और एकीकृत युवा संसद जैसे छह प्रमुख ट्रैक शामिल हैं। इच्छुक युवा mybharat.gov.in पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।

युवा नेतृत्व को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, राजस्थान से 50 हजार से अधिक पंजीकरण
ram


