छात्रों ने रैली निकालकर जगाई मतदान की अलख

ram

चित्तौड़गढ़। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मंगलवार को चित्तौड़गढ़ मुख्यालय पर विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ मतदाता जागरूकता रैली निकाली। शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं मतदान जागरूकता के नारे लगाते हुए सड़कों पर निकले और आमजन से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

रैली को जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम गौड़ और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभू लाल सोमानी ने संबोधित कर रवाना किया। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

जिला स्वीप प्रकोष्ठ की रेखा चौधरी और पारस कुमार टेलर के नेतृत्व में निकाली गई रैली विद्यालय से शुरू होकर शास्त्री नगर चौराहे और मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता संदेशों से जुड़े पोस्टर लिए हुए थे और मतदान के महत्व से जुड़े नारे लगा रहे थे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश छिपा, उपप्रधानाचार्य शंभू लाल जाट सहित विद्यालय स्टाफ ने भी रैली में शामिल होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

प्रेमनगर स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता, बच्चों ने रंगों से बताया वोट का महत्व

इसी क्रम में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, प्रेमनगर में मतदाता जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला स्वीप टीम के भरत लढ़ा, अलका कोठारी, वनिता काबरा, गंगा बुनकर, रोहित, गोवर्धन आचार्य और अनुसूया डांगी के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मतदान के महत्व पर रचनात्मक पोस्टर बनाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

विद्यार्थियों के उत्साह और सक्रिय भागीदारी के जरिए दोनों आयोजनों में एक ही संदेश दिया गया मजबूत लोकतंत्र के लिए हर मतदाता का मतदान जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *