संदीपा धर ने श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर की 250 सीढ़ियां चढ़कर लिया आशीर्वाद

ram

मुंबई। अभिनेत्री संदीपा धर ने हाल ही में अपनी कश्मीर यात्रा की शुरुआत आध्यात्मिक अंदाज में की। श्रीनगर पहुंचने के बाद वह सबसे पहले प्रसिद्ध शंकराचार्य मंदिर पहुंचीं और वहां भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस सिलसिले में संदीपा ने सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा की कुछ झलकियां भी साझा की हैं।
गौरतलब है कि शंकराचार्य पहाड़ी की चोटी पर स्थित इस प्राचीन मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 250 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इस चढ़ाई के अपने अनुभव के बारे में उन्होंने लिखा है कि पहाड़ की पतली हवा और खड़ी चढ़ाई के कारण रास्ता काफी चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में बीच-बीच में उनके पैर भी कांप रहे थे, लेकिन ऊपर पहुंचने के बाद उन्हें लगा कि हर कदम पूरी तरह सार्थक था। पहाड़ी पर स्थित इस मंदिर में पहुंचकर संदीपा ने पवित्र शिवलिंग के दर्शन किए और कुछ समय वहां के आध्यात्मिक वातावरण में बिताया। उन्होंने यह भी महसूस किया कि जिस स्थान पर आदि शंकराचार्य के ध्यान करने की मान्यता है, वहां खड़े होकर एक ऐसी अनोखी ऊर्जा का अनुभव होता है, जिसे शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है। संदीपा ने मंदिर से जुड़े कई ऐतिहासिक तथ्य साझा करते हुए उन्होंने यह भी लिखा हैं कि शंकराचार्य मंदिर कश्मीर घाटी से करीब 1,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, जहां से श्रीनगर शहर तथा प्रसिद्ध डल झील का शानदार नजारा दिखाई देता है। माना जाता है कि यह मंदिर करीब 200 ईसा पूर्व का है और कश्मीर के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक है। इसका नाम आदि शंकराचार्य से जुड़ा हुआ है, जिनके यहां ध्यान करने की मान्यता है। हालांकि कुछ इतिहासकारों का यह भी मानना है कि यह जगह मूल रूप से बौद्ध उपासना स्थल रहा होगा, जिसे बाद में हिंदू मंदिर के रूप में विकसित किया गया। पहली बार इस मंदिर में आईं संदीपा धर के लिए यह यात्रा बेहद ख़ास थी, जिसे उन्होंने सौभाग्यशाली अनुभव भी बताया। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने “ॐ नमः शिवाय” लिखा है। अभिनेत्री फिलहाल कश्मीर की खूबसूरत वादियों में समय बिता रही हैं और उनके पोस्ट से साफ है कि घाटी में उनका सफर अभी लंबा चलने वाला है। वर्कफ्रंट की बात करें तो संदीपा धर जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी ओरिजिनल सीरीज ‘चुंबक’ में नजर आनेवाली है। फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुकीं संदीपा के इस नए प्रोजेक्ट का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *