जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को जोधपुर के ग्राम धुन्धाड़ा में गिरधर रामेश्वर धाम की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने भगवान महादेव जी की विधिवत पूजा- अर्चना कर प्रदेश की सुख- समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की। पटेल ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा देशभर में धार्मिक स्थानों को विकसित बनाकर सनातन संस्कृति के उत्थान का कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारधाम पुनर्विकास, महाकाल लोक तथा धार्मिक स्थलों में विकास कार्यों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिली है।
महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट और ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट का हो रहा विकास
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा प्रदेश सरकार राजस्थान के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और आस्था को एक सूत्र में पिरोते हुए 100-100 करोड़ रुपये की लागत से दो प्रमुख पर्यटन सर्किट महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट और ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट का विकास कर रही है। उन्होंने कहा इन सर्किट में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप से जुड़े चावंड, हल्दीघाटी, गोगुंदा, कुंभलगढ़, दिवेर और उदयपुर जैसे ऐतिहासिक स्थल शामिल हैं, जबकि जनजातीय संस्कृति व इतिहास को संरक्षित करने हेतु चित्तौड़गढ़ व प्रतापगढ़ में स्थित सीतामाता अभयारण्य, ऋषभदेव, गौतमेश्वर मंदिर और मातृकुंडिया जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को जोड़ा गया है।
विधि मंत्री ने धुन्धाड़ा विद्यालय परिसर में किया वृक्षारोपण
विधि मंत्री ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धुन्धाड़ा में वृक्षारोपण कर सभी से अधिकाधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वन मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो वृक्षारोपण और वन संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि जब हम एक पौधा लगाते हैं, तब हम केवल एक वृक्ष नहीं लगाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सांसों, पर्यावरण और भविष्य को सुरक्षित करते हैं।

डबल इंजन की सरकार विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए कृत संकल्पित– पटेल
ram


