लोकसभा में विपक्ष का भारी हंगामा, कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

ram

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्षी दलों के सदस्यों ने राम मंदिर चढ़ावा में अनियमितता तथा आंदोलन के दौरान छात्रों पर पुलिस करवाई के विरोध में सोमवार को सदन में भारी हंगामा किया जिसके कारण पीठासीन अधिकारी को सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करनी पड़ी। पीठासीन अधिकारी कृष्णा प्रसाद तेनेती ने दो बार के स्थगन के बाद दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू की विपक्षी दलों के सदस्य हंगामा करते हुए और नारे लगाते हुए सदन के बीचों बीच आ गये। पीठासीन अधिकारी ने सदस्यों से अपनी सीटों पर जाने का आग्रह किया लेकिन विपक्षी सदस्यों का हंगामा रुका नहीं। हंगामे के बीच संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने “उच्चतम न्यायालय (न्यायाधीश संख्या) संशोधन विधेयक 2026” सदन में चर्चा और पारित करने के लिए पेश किया। इस पर तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय के सांविधिक प्रस्ताव को सदन में ध्वनि मत से खारिज कर दिया। पीठासीन अधिकारी ने सदस्यों से विधेयक पर चर्चा करने का आग्रह किया लेकिन विपक्ष के सदस्य हंगामा करते रहे तो श्री टेनेती ने हंगामे के बीच ही विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में रखवाया जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। हंगामा नहीं रुक तो टेनेती ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *