राजमहल पैलेस जंक्शन पर प्रस्तावित अंडरपास से मिलेगा सिग्नल-फ्री आवागमन, यातायात होगा अधिक सुगम एवं सुरक्षित

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकसित राजस्थान विजन एवं नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर के प्रमुख यातायात जंक्शनों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजमहल पैलेस जंक्शन पर बढ़ते यातायात दबाव के स्थायी समाधान हेतु अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण से बाइस गोदाम एवं चोमू हाउस सर्किल के मध्य आवागमन करने वाले वाहनों को निर्बाध एवं सिग्नल-फ्री आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे इस मार्ग पर यात्रा समय में कमी आएगी, यातायात की क्षमता बढ़ेगी तथा नागरिकों को अधिक सुरक्षित, तेज एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा। जेडीसी ने बताया कि सिविल लाइन्स रेलवे आरओबी के संचालन प्रारंभ होने के बाद अजमेर रोड से आने वाले वाहनों का आवागमन राजमहल पैलेस जंक्शन की ओर बढ़ने की संभावना है। इस संभावित यातायात वृद्धि को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित अंडरपास भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक प्रभावी एवं दीर्घकालिक समाधान सिद्ध होगा। परियोजना के अंतर्गत केवल वाहनों की निर्बाध आवाजाही ही नहीं, बल्कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आधुनिक, सुरक्षित एवं दिव्यांगजन-अनुकूल पैदल यात्री सुविधाओं का भी प्रावधान प्रस्तावित है, जिससे सभी आयु वर्ग के नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध हो सके। जेडीए द्वारा परियोजना की व्यवहार्यता, यातायात विश्लेषण, संरचनात्मक डिजाइन एवं अन्य तकनीकी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन कराया जा रहा है, ताकि शहर की वर्तमान एवं भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप एक वैज्ञानिक एवं स्थाई समाधान विकसित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *