प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रियों की बैठक, मानसून सत्र की रणनीति पर चर्चा

ram

नई दिल्ली। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही गुरुवार दोपहर 02 बजे तक स्थगित होने के बीच संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में वरिष्ठ मंत्रियों की अहम बैठक चल रही है। जिसमें संसदीय रणनीति और आगामी विधायी एजेंडे पर चर्चा हो रही है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण, किरेन रिजिजू, जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद हैं। इसके अलावा सरकार के कई अन्य वरिष्ठ मंत्री भी बैठक में शामिल हैं। बैठक का मुख्य एजेंडा संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने और महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को आगे बढ़ाने की रणनीति तय करना है। गौरतलब है कि मानसून सत्र लगातार विपक्ष की नारेबाजी और विरोध प्रदर्शनों के कारण बाधित हो रहा है। गुरुवार को भी प्रश्नपत्र लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने सरकार को घेरते हुए सदन में हंगामा किया। विपक्ष ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की मौजूदगी की मांग की, जिसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर तक स्थगित करनी पड़ी। बैठक में संसदीय रणनीति पर विचार-विमर्श के साथ विपक्ष के विरोध का सामना करने और विधेयकों को पारित कराने की योजना पर मंथन किया जा रहा है। बैठक के बाद कुछ अहम फैसले की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *