जैसलमेर। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की वित्तीय वर्ष 2026-27 की तृतीय बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में जिला कलक्टर सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं एवं योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन राज्य एवं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके सफल क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही माहवार फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (थ्भ्ज्ब्) के लक्ष्य के विरुद्ध प्राप्त उपलब्धियों का मूल्यांकन किया गया। जिला कलक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहे हैं, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर गति लाई जाए। बैठक में 15वें वित्त आयोग के माध्यम से वित्त पोषित कार्यों की भी समीक्षा की गई। विशेष रूप से विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायत भवनों तथा स्वास्थ्य केन्द्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन संस्थानों में पेयजल व्यवस्था से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यार्थियों, बच्चों, ग्रामीणों एवं मरीजों को निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। बैठक में जल जीवन मिशन के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभागीय अधिकारियों ने अब तक की प्रगति से अवगत कराया तथा आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति अपनाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर जोरवाल ने अटल भू-जल एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में आवंटित लक्ष्यों की प्रभावी ढंग से पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हर घर जल कनेक्शन के सर्वे कार्य में तेजी लाने एवं नाचना ब्लॉक की धीमी प्रगति में सुधार करने पर विशेष जोर दिया। जिला कलक्टर ने कहा कि विभागीय उपलब्धियों में प्रगति शून्य नहीं रहनी चाहिए तथा प्रत्येक लक्ष्य के अनुरूप न्यूनतम 5 से 10 प्रगति अवश्य दर्ज हो। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरपत सिंह, भू-जल विभाग के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. एन.डी. इनखिया, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार, एसई प्रोजेक्ट राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की तृतीय बैठक आयोजित
ram


