जयपुर। राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। उदयपुर में वाकल नदी में उफान से गांवों का संपर्क टूट गया है। सीकर में फतेहपुर के मुख्य बाजार में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद आधा फीट तक पानी भर गया। जयपुर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, अलवर, भरतपुर, चूरू और चित्तौड़गढ़ में भी मंगलवार सुबह से रुक-रुककर बरसात हो रही है। सिरोही जिले के चंद्रावती में सोमवार रात को हुई तेज बारिश के कारण एक कच्चा घर ढह गया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। चित्तौड़गढ़ के राशमी में सोमवार रात हुई तेज बारिश से रोशनेश्वर महादेव स्थित वाटिका की पिछले महीने ही बनी दीवार ढह गई। वहीं, जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में 2 इंच तक बरसात हुई। बीते दो दिन से सुस्त पड़े मानसून के कारण तापमान फिर से 40 डिग्री तक पहुंच गया है। रातभर मलबे में दबी रही बॉडी: सिरोही के आबूरोड के चंद्रावती में 66 साल का बुजुर्ग मकान के मलबे में दब गया। हादसा बारिश में मकान ढहने के कारण हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि मकान आबादी क्षेत्र से दूर होने के कारण चीनाराम की बॉडी रातभर मलबे में दबी रही। वहीं, जयपुर में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को कई इलाकों में बारिश हुई। दोपहर बाद बदले मौसम से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया। 2 अगस्त तक एक्टिव रहेगा मानसून: मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन सिस्टम अब स्ट्रॉन्ग होकर डीप-डिप्रेशन में कन्वर्ट हो गया है। राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बन रहा है। इन सभी सिस्टम के कारण राज्य में 2 अगस्त तक मानसून एक्टिव रहेगा। कहां-कहां होगी बरसात: आज पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी, जबकि कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। 29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
भीलवाड़ा में 7 दिन बाद बारिश
भीलवाड़ा में सात दिन बाद मंगलवार दोपहर बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह जिले में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। बादल छाए रहेंगे और तापमान में भी गिरावट आएगी।
बारिश के बीच कच्चा घर गिरने से बुजुर्ग की मौत
सिरोही के आबूरोड में कच्चा घर ढह गया। घर के अंदर सो रहे 66 साल के बुजुर्ग चीनाराम की नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के समय बुजुर्ग की पत्नी बेटी की डिलीवरी के लिए सरकारी हॉस्पिटल गई हुई थी। आबादी से दूर कच्चा घर होने से लोगों को घटना की जानकारी सुबह चली। लोगों ने कच्चे घर से बुजुर्ग को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



