जयपुर। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व एवं सम्मानजनक प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित प्रसव सखी पहल सकारात्मक परिणाम दे रही है। इस पहल के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को समय पर प्रसवपूर्व जांच (एएनसी), पोषण संबंधी परामर्श, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं तथा संस्थागत प्रसव के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय, डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि सांभरलेक के रामपुरा ग्राम निवासी चार माह की गर्भवती श्रीमती कोमल कुमावत ने उपजिला अस्पताल सांभर में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं एवं प्रसव सखी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रसव सखी ममता शर्मा द्वारा उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श, संतुलित आहार, समय पर जांच एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इससे उनमें सुरक्षित मातृत्व को लेकर विश्वास और आत्मविश्वास दोनों बढ़े हैं।
डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि प्रसव सखी पहल का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को गर्भधारण से लेकर सुरक्षित प्रसव तक निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीयन हो, नियमित एएनसी जांच, आवश्यक प्रयोगशाला जांच, टीकाकरण, एनीमिया की जांच एवं उपचार तथा जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. मित्तल ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व प्रत्येक महिला का अधिकार है। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की कि वे गर्भावस्था की शुरुआत से ही निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में पंजीयन कराएं, नियमित प्रसवपूर्व जांच कराएं तथा प्रसव सखी और स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता दें।


