झालावाड़। राजकीय मेडिकल कॉलेज, झालावाड़ में शनिवार को पीजी बैच 2019, 2020, 2021 एवं 2022 का भव्य दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ तथा विशिष्ट अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. संजय पोरवाल ने की।
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने नव चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर जीवन के उच्चतम लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, अनुशासन, ईमानदारी तथा समाजसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव चिकित्सक चिकित्सा सेवा के माध्यम से प्रदेश एवं देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
विशिष्ट अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि एक सफल चिकित्सक वही है, जो केवल रोग का उपचार ही नहीं, बल्कि मरीज की पीड़ा, भावनाओं और परिस्थितियों को भी समझे। उन्होंने संवेदनशीलता, करुणा एवं मानवीय व्यवहार को चिकित्सा सेवा की वास्तविक पहचान बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. संजय पोरवाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति नई जिम्मेदारियों के निर्वहन की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा, अनुसंधान एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में पीजी विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिले के पूर्व टीबी निदेशक डी.के. जैन, अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार पटेल, डॉ. शशिकांत अग्रवाल, डॉ. ऋषि दीवान सहित वरिष्ठ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक उपाधियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में वीणा वादन, लोक नृत्य एवं समूह नृत्य ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह में बड़ी संख्या में विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, चिकित्सक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, अनुशासित एवं गरिमामय आयोजन की सराहना की। समारोह का समापन नव चिकित्सकों के उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्रसेवा की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।



