झालावाड़। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में रविवार को मिनी सचिवालय सभागार में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, समन्वय एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि वर्तमान वर्षा ऋतु को देखते हुए पेयजल व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी क्षेत्र में गंदे अथवा दूषित पानी की आपूर्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को जल गुणवत्ता की नियमित जांच कराने, पाइप लाइनों की निगरानी रखने तथा शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में मरम्मत कार्य त्वरित गति से किया जाए, ताकि आमजन को कम से कम समय में बिजली उपलब्ध हो सके। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त तकनीकी दल एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कृषि विभाग से खाद, बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी वितरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध रहें तथा कालाबाजारी एवं कृत्रिम अभाव की शिकायतों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिला कलक्टर ने जिले के प्रमुख बांधों एवं जलाशयों के जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगातार जलस्तर की निगरानी रखें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहें। आवश्यक होने पर पूर्व तैयारी एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
झालावाड़ शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने नगर परिषद अधिकारियों को वर्षा ऋतु के दौरान नालों एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति नहीं बनने दी जाए तथा सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े अंतर्विभागीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।
हरियालो राजस्थान अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें।
सम्पर्क पोर्टल एवं ई-फाइलों का समयबद्ध निस्तारण करें
बैठक में सम्पर्क पोर्टल एवं ई-फाइल प्रणाली की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि ई-फाइलों का अनावश्यक लंबित रहना स्वीकार्य नहीं है तथा सभी विभाग नियमित रूप से प्रगति बनाए रखें।
ग्रामीण एवं सेवा शिविरों का अधिकाधिक लोगों को मिले लाभ
जिला कलक्टर ने फॉलोअप ग्रामीण एवं सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शिविरों को सफल बनाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक के अंत में जिला कलक्टर ने जिले से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर कमल सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



