आईसीडी जोधपुर से पहली पूर्णतः भरी हुई कंटेनर रेक रवाना, राजस्थान के निर्यात क्षेत्र को मिली नई गति

ram

जयपुर। राजस्थान स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (राजसिको) द्वारा संचालित इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी), जोधपुर ने निर्यात लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार केवल निर्यात माल से पूर्णतः भरी हुई कंटेनर रेल रेक का सफल संचालन किया है। यह उपलब्धि प्रदेश की सुदृढ़ होती लॉजिस्टिक्स व्यवस्था तथा आईसीडी जोधपुर पर निर्यातकों के बढ़ते विश्वास का परिचायक है। आईसीडी जोधपुर से अब तक 552 नग 40 फीट निर्यात कंटेनर मुंद्रा पोर्ट के लिए प्रेषित किए जा चुके हैं। वहीं, निर्यातकों को समय पर कंटेनरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 570 खाली 40 फीट कंटेनर सोनीपत से जोधपुर लाए गए। गुरूवार को पहली बार ऐसी संपूर्ण कंटेनर रेक का संचालन किया गया, जिसमें सभी कंटेनर निर्यात सामग्री से पूर्णतः भरे हुए थे तथा एक भी खाली कंटेनर शामिल नहीं था। यह उपलब्धि आईसीडी जोधपुर के परिचालन इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस अवसर पर जोधपुर हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री भरत बिनेजा तथा लघु उद्योग भारती, जोधपुर के जिला अध्यक्ष श्री सुरेश बिश्नोई ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के उद्योगों एवं निर्यातकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी तथा राजस्थान की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को और सुदृढ़ बनाएगी। उन्होंने कहा कि आईसीडी जोधपुर से पहली पूर्णतः भरी हुई कंटेनर रेक का सफल संचालन राज्य में विकसित हो रही आधुनिक लॉजिस्टिक्स व्यवस्था का प्रमाण है। राजसिको भविष्य में भी उद्योगों और निर्यातकों की आवश्यकताओं के अनुरूप लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को और सशक्त बनाने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर कार्य करता रहेगा। राजसिको ने इस उपलब्धि में सहयोग देने के लिए भारतीय रेल, शिपिंग लाइनों, कस्टम विभाग, लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं, निर्यातकों तथा अन्य सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। निगम ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ राजस्थान को देश के अग्रणी निर्यात एवं लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *