अलवर। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में देरी, ओबीसी आरक्षण, पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और किसानों के मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार को “तानाशाही” बताया। सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट ने राजस्थान में तीन-तीन, चार-चार बार रिपोर्ट मांगकर फटकार लगाई है। सरकार पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव कराने में लगातार ओबीसी की जनगणना और आरक्षण को बहाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया, सरकार को मालूम है कि इन चुनावों में उनका सुपडा साफ होने वाला है, इसलिए चुनाव नहीं करा रहे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने भी कह दिया है कि तुम्हारे बस की बात नहीं है चुनाव कराना और जरूरत पड़ी तो रिटायर्ड हाईकोर्ट के जजों से चुनाव करवा लिए जाएंगे।
सिंह ने NEET पेपर लीक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की सिर्फ मांग थी कि इस पर संसद में चर्चा हो, लेकिन सरकार ने बात सुनने के बजाय दिल्ली में छात्रों पर लाठियां बरसाईं। जिस दिन पेपर लीक हुआ था उसी दिन धर्मेंद्र प्रधान को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था। प्रधानमंत्री जी रात-दिन उनको बचाने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के भविष्य कहे जाने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और उनके परिजनों को भी परेशान किया जा रहा है।पुलिस बिहार, यूपी, राजस्थान में उनके घर भेजी जा रही है। माता-पिता को अरेस्ट करने की धमकी दी जा रही है। पाकिस्तान और चीन से लड़ने के बजाय सरकार अपने ही युवाओं से लड़ रही है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील और हरियाणा के किसानों के दिल्ली मार्च पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने पूरे देश को बेच दिया है। अमेरिका जो कहता है वही होता है। रूस से तेल खरीदना हो या न खरीदना हो, दाम अमेरिका तय करता है। उन्होंने कहा कि जनता और संविधान मजबूत हैं। तीन काले कृषि कानूनों की तरह यह तानाशाही भी वापस लेनी पड़ेगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेश, अब सिफारिश नहीं, मेहनत से तय होगी जिम्मेदारी
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भंवर जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी अब योग्यता, समर्पण और जनता से जुड़ाव को ही पदों का आधार बनाएगी। जितेंद्र सिंह ने कहा कि अब किसी नेता का नज़दीकी होना या सिफारिश चयन का मापदंड नहीं रहेगा। योग्य, मेहनती और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता मिलेगी। जितेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से मिलजुल कर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता कमजोर नहीं है, लेकिन अब कमियों को दूर कर संवादहीनता भी खत्म की जाएगी। सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गुटबाजी छोड़कर पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने में जुटें। उनका कहना है कि आने वाले निकाय,विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए ऐसा संगठन चाहिए जो जनता के बीच सक्रिय हो और पार्टी की रीति नीति को आगे बढ़ाए।
हिटलरशाही सरकार में आंदोलन को कुचलने का कुत्सित प्रयास कर रही है मोदी सरकार – नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र सरकार पर पेपर लीक के मुद्दे और युवाओं पर लाठीचार्ज को लेकर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे जवाब मांगा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले दस-बारह साल में कितने पेपर लीक हुए हैं? मोदी जी ने कितने लोगों पर कार्रवाई की, वो संख्या बता दें। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में लगभग डेढ़ सौ पेपर लीक हो चुके हैं, लेकिन आज तक एक भी आदमी को जेल नहीं हुई। जूली ने कहा कि पिछले 20 दिनों से राहुल गांधी, एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के बैनर तले पूरे देश में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। कल युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। ये तानाशाही का प्रमाण है।
हिटलर जिस प्रकार आंदोलन को कुचलता था, वैसे ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी अब किस मुंह से कह रहे हैं कि हम कार्रवाई करेंगे? उन्होंने मांग की कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा पहले दिन होना चाहिए था। तीन बार से पेपर लीक हो रहा है, लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है और आप एक शब्द नहीं बोल रहे। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं पर मुकदमे लगा रही है, उन्हें देशद्रोही बता रही है लेकिन जवाब नहीं दे रही। जूली बोले ये हिंदुस्तान है, जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि तैयारी हमारी पूरी है। भजनलाल जी से पूछो उनकी क्या तैयारी है। क्योंकि चक्कर में थे कि चुनाव होंगे नहीं, अब चुनाव हो रहे हैं। राजस्थान में मोरिया बोल जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का कार्यकर्ताओं को बड़ा पैगाम,संगठन ही ताकत, सड़क से सदन तक लड़ेगी कांग्रेस”
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और अलवर ग्रामीण से विधायक टीकाराम जूली ने मंगलवार को अंबेडकर नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक संगठनात्मक बैठक ली। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया गया। जूली ने बैठक को संबोधित करते हुए साफ कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत है। हम सब मिलकर चलेंगे तो निश्चित तौर पर कांग्रेस का राज आएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरते हुए कहा कि कोई भी विभाग, प्रकोष्ठ या अग्रिम संगठन छोटा-बड़ा नहीं है। हम सभी कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं।
जूली ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन और एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि पद सिर्फ पहचान है इसकी लालसा नहीं रखनी।हमारा मूल मंत्र पार्टी को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता ग्राम पंचायत कमेटी बनाना,ब्लॉक स्तर नियमित बैठकें,जिला स्तर ट्रेनिंग कार्यक्रम,विधानसभा स्तर पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह के सानिध्य में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता खुले मन से अपनी बात रखें। पार्टी उस पर विचार कर ईडी-सीबीआई जैसी सरकारी मशीनरी से लड़कर कांग्रेस का राज वापस लाएगी।
जूली ने भाजपा सरकार पर किया सबसे तीखा हमला
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जूली ने भजनलाल सरकार को आड़े हाथों लिया।उन्होंने कहा कि राजस्थान में सरकार कम, सर्कस ज्यादा चल रहा है। परिसीमन के मुद्दे पर जनता को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की कोई स्पष्ट नीति नहीं दिख रही। उन्होंने कहा आज राजस्थान सरकार की परिभाषा एक पर्ची बन चुकी है। घोषणा करते हैं और विभाग कह देता है नोट फिजिबल नहीं है।
जूली बोले राहुल गांधी की सोच को साकार करेंगे
जूली ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही सबसे पहले नाजायज मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच को जमीन पर उतारा जाएगा और मंत्रिमंडल से पहले कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा है जो हर जाति, धर्म, संप्रदाय और वर्ग का ध्यान रखती है।बैठक के अंत में जूली ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच है और जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

छात्रों की बात सुनने के बजाय सरकार भांज रही लाठियां,तानाशाही की सारी हदें पार : जितेंद्र सिंह
ram


