ढाढ़र में पर्यावरण संरक्षण का अनुकरणीय अभियान, जनसहयोग से खेल मैदान हुआ हराभरा

ram

चूरू। ग्राम ढाढ़र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का लगभग 12 बीघा क्षेत्रफल वाला खेल मैदान आज जनसहयोग, सामाजिक सरोकार एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया है। वर्षों से अनावश्यक खरपतवार से आच्छादित इस मैदान को जेसीबी एवं ट्रैक्टरों की सहायता से पूरी तरह साफ कर समतल एवं उपयोगी बनाया गया, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक खेल मैदान उपलब्ध हो सकेगा।

इस जनहितकारी अभियान की पहल समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी यादराम कस्वां द्वारा की गई। उन्होंने अपने निजी व्यय से खेल मैदान के सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 101 पौधों का रोपण करवाया तथा उनकी नियमित सिंचाई के लिए ड्रिप सिंचाई प्रणाली स्थापित करवाई। यह प्रयास केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस अभियान को सफल बनाने में नंदलाल कस्वां, सुभाष कस्वां एवं हरिराम पडगड ने अपने-अपने निजी ट्रैक्टर निःशुल्क उपलब्ध कराकर खेल मैदान की बाँध (पाड़) एवं समतलीकरण का कार्य किया। उनका यह निःस्वार्थ योगदान सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा और शिक्षा के प्रति समर्पण की उत्कृष्ट मिसाल है।

इस दौरान पौधारोपण अभियान में प्रधानाचार्य हवा सिंह सहारण, अमीचंद, प्रियंका चौधरी, मुखराम, रफीक खान, फूलाराम गुर्जर, ज्ञानाराम नट, सुरेंद्र प्रजापत, पवन कारेल, राजकुमार कस्वां, नरेंद्र नट, ओमप्रकाश भानजा, इन्द्रचन्द कस्वां, नरेन्द्र जांगिड विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *