जयपुर। शासन सचिव, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में सहकारिता विभाग को डिजिटाइज्ड करने के लिये राजसहकार पोर्टल, एमएसपी खरीद, एफआईजी तथा ऑनलाइन इण्वेंटरी मेनेजमेंट सिस्टम की प्रगति की समीक्षा करते हुये निर्देश दिये कि राजसहकार पोर्टल के गोदाम मोड्यूल, मोबाइल एप, कार्मिकों के प्रशिक्षण हेतु मोड्यूल, डायनेमिक डेशबोर्ड, ऑडिट मोड्यूल सहित पैक्स कोड के शेष कार्यों को युद्धस्तर पर कार्य करते हुये निर्धारित समयावधि में पूरा करें ताकि सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी बने तथा त्वरित रूप से कार्य निष्पादन करते हुये आमजन को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि राजसहकार पोर्टल का मोबाइल एप शीघ्र ही प्ले स्टोर के माध्यम से उपलब्ध हो जायेगा और इसके माध्यम से अधिकारिगण सुगमता से पत्रावलियों एवं अन्य कार्य का निष्पादन कर सकेंगे तथा आमजन को सहकारिता के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं में गुणात्मक रूप से वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक राजसहकार पोर्टल के माध्यम से ही कार्य करे ताकि सूचना सम्प्रेषण एवं उनके संकलन में लगने वाले समय को न्यूनतम किया जा सके। डॉ. शर्मा ने कहा कि राजसहकार पोर्टल, एमएसपी खरीद, एफआईजी तथा ऑनलाइन इण्वेंटरी मेनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से कार्य करने पर शीर्ष स्तर तक सहकारी योजनाओं की प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी और इसका सीधा फायदा नीचे धरातल पर आमजन को मिलेगा। उन्होंने सहकारिता विभाग के डिजिटलीकरण कार्य में लगी आरआईएसएल की टीम को निर्देश दिये कि वे विभाग के सभी कार्यालयों के साथ समन्वय स्थापित करते हुये पोर्टल में आने वाली समस्या का तुरन्त निराकरण करवाना सुनिश्चित करें तथा जिन-जिन मोड्यूल में काम अभी पूर्ण नहीं हुआ है उसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करवायें।

सहकारिता विभाग डिजिटलीकरण की राह पर आगे बढा, सूचनाओं का संकलन और सहकारी योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग होगी
ram


