प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन, राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे रहे मुख्य अतिथि, विकास के सभी क्षेत्रों में तेज गति से आगे बढ़ रहा है देश – राज्यपाल

ram

जयपुर/दौसा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर दौसा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह में राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रेलवे, सड़क, कृषि, ऊर्जा तथा आधारभूत संरचना सहित विकास के सभी क्षेत्रों में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप पुनर्विकास किया जा रहा है।
दौसा रेलवे स्टेशन भी इस परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है, जहां यात्रियों के लिए बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं विकसित कर स्टेशन को नया स्वरूप प्रदान किया गया है। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय रेलवे में विद्युतीकरण के विस्तार से रेल संचालन अधिक तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हुआ है। ब्रॉडगेज रेलमार्गों पर विद्युत चालित ट्रेनों के संचालन से प्रदूषण में कमी आई है तथा ऊर्जा दक्षता भी बढ़ी है। उन्होंने ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। विद्युत उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ से अधिक लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को नई मजबूती मिली है। कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि पिछले वर्षों में दौसा जिले में आधारभूत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण से देश की राजधानी तक की यात्रा का समय काफी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ दौसा स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ दौसा रेलवे स्टेशन
उल्लेखनीय है कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास के तहत यात्रियों की सुविधा के लिए सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज एवं लिफ्ट, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली तथा अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *