राज कुंद्रा के पंजाबी रंग में रंगीं शिल्पा शेट्टी, पति ने शेयर किया मजेदार वीडियो

ram

मुंबई। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। शिल्पा जहां शेट्टी परिवार से ताल्लुक रखती हैं, वहीं राज कुंद्रा पंजाबी परिवार से हैं। समय के साथ शिल्पा पर पंजाबी संस्कृति का प्रभाव भी देखने को मिला है, जिसका जिक्र राज कुंद्रा ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के जरिए किया। राज कुंद्रा ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें शिल्पा ढोल की थाप पर मस्ती भरे अंदाज में भांगड़ा करती नजर आ रही हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “जब आप किसी शेट्टी परिवार में शादी करते हैं, तो धीरे-धीरे आपकी पंजाबी पहचान का असर उन पर भी दिखने लगता है। ‘बांगड़ा’ मछली से लेकर ‘भांगड़ा’ के डांस तक… मेरी आधी पंजाबी, शिल्पा।” राज और शिल्पा अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ वीडियो और तस्वीरें साझा करते रहते हैं। राज की इस पोस्ट को भी प्रशंसक काफी पसंद कर रहे हैं। शिल्पा शेट्टी मूल रूप से कर्नाटक के मंगलुरु (मैंगलोर) के बंट समुदाय से हैं, जबकि राज कुंद्रा पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण लंदन (यूके) में हुआ। दोनों की मुलाकात वर्ष 2007 में शिल्पा के परफ्यूम ब्रांड के लॉन्च के दौरान यूके में हुई थी। राज कुंद्रा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता को शुरुआत में एक अभिनेत्री से उनके रिश्ते पर आपत्ति थी, लेकिन शिल्पा से मिलने के बाद उनका नजरिया बदल गया। शिल्पा और राज ने 22 नवंबर, 2009 को पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह किया। विवाह समारोह में बंट समुदाय की परंपराओं के अनुसार मुख्य वैवाहिक रस्में निभाई गईं, जबकि संगीत और मेहंदी जैसे कार्यक्रमों में पंजाबी और उत्तर भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। शादी के दौरान शिल्पा ने डिजाइनर तरुण तहिलियानी की डिजाइन की हुई पारंपरिक लाल और सुनहरे रंग की कांजीवरम साड़ी पहनी थी, जिसकी कीमत मीडिया रिपोर्टों के अनुसार करीब 50 लाख रुपये बताई गई थी। वहीं, राज कुंद्रा ने डिजाइनर जोड़ी शांतनु और निखिल की डिजाइन की हुई पारंपरिक शेरवानी पहनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *