ब्रिक्स उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों की बैठकों के लिए सभी तैयारियां समय पर सुनिश्चित करें- मुख्य सचिव

ram

जयपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने आगामी 6 एवं 7 अगस्त को जयपुर में आयोजित होने वाली ब्रिक्स उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों की बैठकों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हो सके। बुधवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों का विभागवार जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि ब्रिक्स समूह में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात तथा इंडोनेशिया शामिल हैं। राजस्थान में आयोजित होने जा रही यह बैठक राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसके लिए विभिन्न देशों के मंत्री एवं वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल जयपुर आएंगे। मुख्य सचिव ने गृह विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को एयरपोर्ट, आयोजन स्थल, होटल तथा अन्य निर्धारित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक प्रतिनिधिमंडलों के निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन के लिए प्रभावी मोटरकेड एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जयपुर नगर निगम एवं जयपुर विकास प्राधिकरण को आयोजन से जुड़े मार्गों तथा प्रमुख स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही एयरपोर्ट पर प्रतिनिधिमंडलों के स्वागत एवं रिसेप्शन की व्यवस्थाएं त्रुटिरहित रखने तथा सभी विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य सचिव ने ब्रिक्स उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों की बैठकों के लिए प्रोटोकॉल, एयरपोर्ट सुविधा, चिकित्सा सहायता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भ्रमण कार्यक्रम, ब्रांडिंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग एवं वाणिज्य श्री शिखर अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जयपुर श्री सचिन मित्तल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलिजेंस) श्री प्रफुल्ल कुमार, आयुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण श्री सिद्धार्थ महाजन, आयुक्त उद्योग एवं वाणिज्य श्री नीलाभ सक्सेना , जिला कलक्टर जयपुर श्री संदेश नायक उपस्थित रहे । साथ ही गृह, नगर निगम, पर्यटन, सामान्य प्रशासन, चिकित्सा एवं सवास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क एवं अन्य सम्बंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *