बालोतरा में डंपर से टकराई स्कॉर्पियो, पांच युवकों की मौत, तीन घायल

ram

बालोतरा। बाड़मेर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पचपदरा थाना क्षेत्र में रविवार देररात हुए सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर ही फंस गए।
पुलिस के अनुसार ,हादसा भाडिंयावास गांव के पास हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर राजकीय नाहटा अस्पताल, बालोतरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रेवांताराम (26), स्वरूपाराम (27) और भरत (25) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशन, भावेश, बाबू, मुकेश और हेमाराम को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान किशन (27) और भावेश की भी मृत्यु हो गई।

मृतकों की पहचान बालोतरा जिले के कानोड गांव निवासी रेवांताराम पुत्र गेनाराम जाट, स्वरूपाराम पुत्र मेहराराम जाट, भरत पुत्र बन्नाराम जाट, किशन पुत्र शेराराम जाट तथा भावेश पुत्र कलाराम जाट के रूप में हुई है। हेड कांस्टेबल डूंगाराम खोथ के अनुसार, सभी युवक जोधपुर में भोमियाजी के दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच युवक घायल हो गए थे, इन्हें जोधपुर रेफर किया गया। इधर दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजकीय नाहटा अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में घायल बाबू, मुकेश और हेमाराम का जोधपुर में उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *