फीफा वर्ल्ड कप : चौथी बार सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, नॉर्वे को 2-1 से दी मात

ram

मियामी। इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंग्लिश टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नॉर्वे को 2-1 से हराया। इंग्लैंड की इस जीत के नायक जूड बेलिंगहम रहे, जिन्होंने अतिरिक्त समय में टीम के लिए विजयी गोल दागा। इंग्लैंड ने साल 2018 के बाद पहली बार विश्व कप के सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है। बेलिंगहम को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच की शुरुआत में नॉर्वे की टीम इंग्लैंड के डिफेंस पर हावी दिखाई दी। मैच के 36वें मिनट में एंड्रियास शेल्डरुप ने पहला गोल करते हुए नॉर्वे को 1-0 से बढ़त दिलाई। हालांकि, बेलिंगहम ने नॉर्वे की बढ़त को ज्यादा समय तक बरकरार नहीं रहने दिया और पहले हाफ के इंजरी टाइम में शानदार गोल दागते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को भी सफलता हाथ नहीं लग सकी। इसके बाद मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंचा, जहां 93वें मिनट में बेलिंगहम का जादू एक बार फिर देखने को मिला। उन्होंने मुकाबले का अपना दूसरा गोल करते हुए इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी, जो अंत तक कायम रही। नॉर्वे ने लगातार हमले करते हुए स्कोर को बराबर करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह इंग्लैंड के डिफेंस को नहीं भेद सके।
इससे पहले, इंग्लैंड 1966, 1990 और 2018 में सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। 1966 में इंग्लैंड ने खिताब को अपने नाम किया था, लेकिन 1990 और 2018 में टीम का सफर सेमीफाइनल में ही खत्म हो गया था। सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता से होगा। हार के साथ ही नॉर्वे का विश्व कप में शानदार सफर थम गया। एर्लिंग हालैंड भी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्वे की नैया को पार नहीं लगा सके। हालांकि, हालैंड का प्रदर्शन विश्व कप में कमाल का रहा और उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 7 गोल किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *