जोधपुर में शनिवार देर रात को स्लीपर और लग्जरी बसों का किया औचक निरीक्षण

ram

जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर की ओर से नियम विरूद्ध चल रही लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ चलाए गए एक माह विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान के तहत शनिवार देर रात को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर और जोधपुर जिला की ओर से संयुक्त रूप से इन वाहनों की जांच की गई। वहीं, जांच के दौरान नियमों को ताक पर रखकर चल रहे वाहनों सीज करने सहित उनके चालान काटे गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत ने बताया कि न्यायिक अधिकारी, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने पावटा, कालवी प्याऊ और डांगियावास रोड पर संचालित निजी एवं राजस्थान रोडवेज की स्लीपर, लग्जरी बसों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें देखा गया कि वाहन राष्ट्रीय वाहन मानक, 2016 और राज्य सरकार की एसओपी, 2024 के तहत चल रहे है या नहीं।

कार्यवाही के दौरान बिना फिटनेस व हैज की बस को देर रात चलाते हुए पकड़ा गया, ऐसे में उसे तुरंत सीज किया गया। इसी तरह आपातकालीन निकास को रोककर सीटें बढ़ाने, अतिरिक्त स्लीपर लगाने सहित अन्य कमियों वाली बसों को भी सीज किया गया। इसके अलावा अन्य बसों के चालान काटे गए।

कार्यवाही के दौरान जोधपुर जिला के सचिव डॉ मनीष हरजाई ने परिवहन अधिकारियों और यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि आमजन और यात्रियों के जीवन की सुरक्षा को देखते हुए नियमों की अवहेलना कर चल रही इन बसों पर विधि अनुसार कार्यवाही किया जावे।

डॉ हरजाई ने बताया कि प्रदेश में नियम विरूद्ध चल रही लग्जरी बसों के खिलाफ विशेष निरीक्षण में अवैध बदलाव से बसों में आग लगने जैसी हो रही घटनाएं, शर्तें पूरी नहीं करने वाली बसों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया हाल ही में दौसा के पास एक लग्जरी बस में आग लगने के कारण कुछ लोगों के जिंदा जलने की घटना के बाद राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने यह विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत एक माह तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण करते हुए नियमों का उल्लंघन कर चल रही लग्जरी बसों पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *