जयपुर। शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों का जायजा लेने के लिए जिला प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा गुरुवार को डीडवाना-कुचामन जिले के दौरे पर रहे। निरीक्षण के तहत जिला प्रभारी सचिव सर्वप्रथम जिले के परबतसर पहुँचे जहां उन्होंने नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, उपखंड अधिकारी कुसुमलता चौहान, अधिशाषी अधिकारी महेन्द्र सिंह चारण, नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डॉ. समित शर्मा ने पीएचईडी, एवीवीएनएल, चिकित्सा विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजन की समस्याओं एवं परिवेदनाओं की जनसुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला प्रभारी सचिव द्वारा शिविर में आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इसके पश्चात प्रभारी सचिव डॉ. शर्मा मकराना पहुँचे जहां उन्होंने नगर परिषद मकराना में आयोजित शहरी सेवा शिविर का जायजा लिया और शिविर की आवश्यक व्यवस्थाओं व प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी सचिव ने शहरी सेवा शिविर में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। इसके बाद जिला प्रभारी सचिव ने मकराना उपखंड की ग्राम पंचायत जाखली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में विभागीय काउंटर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं व कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की और लाभांवित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा रहे डीडवाना-कुचामन जिले के दौरे पर शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण, लाभार्थियों को दिया विभिन्न योजनाओं का लाभ
ram


