ग्रामीण सेवा शिविरों में मिली त्वरित राहत, आमजन ने सराहा राज्य सरकार का संवेदनशील प्रयास

ram

चित्तौड़गढ़। पंचायत समिति भैंसरोड़गढ़ की ग्राम पंचायत धावदकलां एवं जालखेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए राहत और विश्वास का माध्यम बने। शिविरों में वर्षों से लंबित समस्याओं का मौके पर ही समाधान होने से ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया। ग्राम पंचायत धावदकलां में लाडपुरा निवासी महावीर धाकड़ ने अपनी माताजी भंवरी बाई का मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में ग्राम विकास अधिकारी द्वारा तत्काल रिपोर्ट तैयार कर ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी ने आवश्यक अनुज्ञा जारी की, जिससे उसी समय मृत्यु प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूरी हो गई। त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट महावीर धाकड़ ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन के कार्य बिना अनावश्यक भागदौड़ के पूरे हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सांसद सी.पी. जोशी तथा विधायक सुरेश धाकड़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद दिया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत धावदकलां में ही श्रीमती संतोष बाई की सामाजिक सुरक्षा पेंशन तकनीकी कारणों से बंद हो गई थी। उन्होंने शिविर में अपनी समस्या रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी पेंशन पुनः प्रारंभ कर दी। पेंशन शुरू होने पर संतोष बाई ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर वास्तव में जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी शिविरों के माध्यम से प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है, जिससे शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। ग्रामीण सेवा शिविरों की यह पहल आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *