चित्तौड़गढ़। सत्र 2026-27 के लिए जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ में संचालित होने वाले अल्पसंख्यक बालक छात्रावास में प्रवेश हेतु पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि कक्षा 9 से उच्च कक्षाओं, महाविद्यालयों, व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों एवं कोचिंग संस्थानों में अध्ययनरत अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध एवं पारसी) के विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य समुदाय के एससी, एसटी, ओबीसी एवं एमबीसी वर्ग के पात्र विद्यार्थी भी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि छात्रावास में आवास एवं भोजन सहित अन्य सुविधाएं नियमानुसार निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये तक होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त जिन विद्यार्थियों के माता-पिता राज्य सरकार के कर्मचारी हैं और लेवल-11 तक का वेतन प्राप्त कर रहे हैं, वे भी पात्र होंगे। छात्रावास में केवल जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ के बाहर निवास करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित 30 जुलाई 2026 तक कार्यालय जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, कुम्भानगर, चित्तौड़गढ़ में व्यक्तिगत रूप से, डाक के माध्यम से अथवा ई-मेल mino.chittor@gmail.com पर भेज सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।
अल्पसंख्यक बालक छात्रावास में प्रवेश हेतु 30 जुलाई तक करें आवेदन
ram


