झालावाड़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल परिसर में वृहद योग महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस वर्ष की अंतर्राष्ट्रीय थीम ÞYoga for Healthy Agingß (स्वस्थ आयु के लिए योग) के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने सहभागिता कर योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।
जनभागीदारी बनी कार्यक्रम की सबसे बड़ी पहचान
योग महोत्सव में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड सदस्यों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सर्व समाज के अध्यक्षों, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल संकुल परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा तथा प्रतिभागियों ने अनुशासन एवं एकाग्रता के साथ योगाभ्यास किया।
कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार हुआ 45 मिनट का योगाभ्यास
योग विशेषज्ञ डॉ. अश्विनी पाटीदार के निर्देशन में भारत सरकार द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के अनुसार 45 मिनट का सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई।
इन महत्वपूर्ण योगासन एवं क्रियाओं का कराया गया अभ्यास
कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत प्रतिभागियों ने क्रमबद्ध रूप से विभिन्न योग क्रियाएं एवं आसनों का अभ्यास किया। इनमें प्रमुख रूप से प्रार्थना एवं संकल्प, गर्दन संचालन एवं स्कन्ध संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तान मंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, उत्तानपादासन, शवासन का अभ्यास कराया गया।
इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम (नाड़ी शोधन प्राणायाम), भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कर मानसिक शांति एवं एकाग्रता का अनुभव किया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ।
योग स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन का आधार – जिला कलेक्टर
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि इस वर्ष की थीम ÞYoga for Healthy Agingß का संदेश है कि बढ़ती उम्र में भी योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवन जिया जा सकता है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों, नगर परिषदों, नगरपालिकाओं एवं ग्राम पंचायतों तक योग दिवस के आयोजन को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया।
मतदाता जागरूकता की दिलाई शपथ
अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का संदेश देते हुए मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।
योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील
आयुर्वेद विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रखता है। उन्होंने जिलेवासियों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि योग दिवस पर झालावाड़ जिले में 1088 स्थानों पर कुल 1 लाख 37 हज़ार 104 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।
प्रधानमंत्री के उद्बोधन का हुआ लाइव प्रसारण
जिला योग संयोजक डॉ. रिंकेश कुमार यादवेंद्र ने बताया कि प्रातः 6.45 बजे से 7.00 बजे तक माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन एवं उद्घोषणा का लाइव प्रसारण किया गया। इसके पश्चात निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास सम्पन्न हुआ।
इन गणमान्य व्यक्तियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन गोपाल कृष्ण दुबे एवं नरेन्द्र दूबे ने किया।
योग से निरोगी जीवन की ओर बढ़ा झालावाड़
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह वृहद आयोजन न केवल जनसहभागिता का उदाहरण बना, बल्कि योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश भी दे गया। योगमय वातावरण में सम्पन्न इस महोत्सव ने जिलेवासियों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।



