राजकीय कृषि महाविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ram

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस हरिशंकर के नेतृत्व में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत मादक द्रव्यों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय दिवस (26 जून) के उपलक्ष्य में चल रहे “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के तहत कृषि अनुसंधान केन्द्र में संचालित राजकीय कृषि महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उसके सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक परिणामों तथा युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर नशे के दुष्परिणामों को दर्शाती एक भावनात्मक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया। फिल्म में दिखाया गया कि किस प्रकार नशा एक व्यक्ति के सपनों, परिवार की खुशियों और समाज के भविष्य को धीरे-धीरे समाप्त कर देता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से विक्रम ज्याणी ने युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि आज का समय केवल पढ़ाई या नौकरी की तैयारी का नहीं, बल्कि सही और गलत के बीच चुनाव करने का समय है। उन्होंने कहा कि “आज आपके चुनने का समय है। आपको तय करना है कि आप अपने सपनों को चुनेंगे या नशे को। दोनों रास्ते एक साथ नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल कानून या प्रशासन की नहीं है, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा स्वस्थ, शिक्षित, जागरूक और नशा मुक्त होगा। अंत में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु संकल्प लिया तथा नशे के खिलाफ जन-जागरण अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वी.एस. नैण, डॉ. एल.के. जैन, रघुवीर मीणा, पूर्णराम गोदारा, अमीलाल तथा डॉ. बी.एस. मीणा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *