प्रतापगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु आयुर्वेद विभाग एवं पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तर पर योग प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 जून से 20 जून तक निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विशेष योग प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक उत्साहपूर्वक भागीदारी निभा रहे हैं।
पतंजलि योग समिति के राज्य कार्यकारिणी सदस्य तरुण दास बैरागी ने बताया कि जिला मुख्यालय पर विभिन्न स्थानों जैसे योग भवन, पेंशनर भवन, रामबाग एवं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नियमित योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यास करवाया जा रहा है तथा आमजन को योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जा रहा है।
राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूर्वा जैन ने बताया कि योग को जीवन का अभिन्न आधार बनाना चाहिए। नियमित रूप से आसन एवं प्राणायाम करने से व्यक्ति स्वस्थ रहता है तथा बढ़ती आयु के साथ होने वाले अनेक रोगों की रोकथाम संभव है। उन्होंने बताया कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र पर प्रतिदिन योग कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में लोग प्राप्त कर रहे हैं।
उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. दिलीप सिंह चंद्रावत ने बताया कि 21 जून को जिला स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा तथा जिले के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि अब तक हजारों नागरिक योग शिविरों के माध्यम से लाभान्वित हो चुके हैं।
उन्होंने जिले के सभी बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों से अपील की कि वे अपने निकटतम योग शिविर में पहुंचकर योगाभ्यास करें तथा स्वस्थ, निरोग और संतुलित जीवन की दिशा में कदम बढ़ाए।
योग काउंटडाउन के 7 दिन शेष, जिलेभर में प्रोटोकॉल अनुसार योग प्रशिक्षण जारी
ram


