चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के उपखंड राशमी की ग्राम पंचायत लसाड़िया कला में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वर्षों पुराने भूमि विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। शिविर में अमर सिंह पुत्र शंकर सिंह राजपूत, गोपाल सिंह पुत्र शंकर सिंह राजपूत एवं भगवत सिंह पुत्र शंकर सिंह राजपूत अपनी कृषि भूमि के खाता संख्या 61, 62 एवं 74, किता संख्या 29 के सहमति बंटवारे के आवेदन के साथ कैंप प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तहसीलदार द्वारा पटवारी हल्का को तुरंत मौके पर भेजकर विभाजन प्रस्ताव तैयार करवाया गया। मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर प्रस्ताव तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे तहसीलदार ने हाथों-हाथ स्वीकृत कर दिया। सहमति से बंटवारा हो जाने के बाद लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद समाप्त हो गया, जिससे संबंधित काश्तकारों को बड़ी राहत मिली। त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई से प्रभावित परिवारों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों एवं काश्तकारों ने शिविर में मिली त्वरित राहत पर राजस्थान सरकार, जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

ग्रामीण सेवा शिविर में हुआ वर्षों पुराने भूमि विवाद का समाधान
ram


