नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल बैठक 11 जून को, पीएम मोदी करेंगे अध्यक्षता

ram

नई दिल्ली। विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को लेकर केंद्र सरकार 11 जून को एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक की थीम “विकसित भारत @2047 के लिए समावेशी मानव विकास” रखी गई है। बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और प्रशासक, केंद्रीय मंत्री तथा नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। चर्चा का केंद्र बिंदु यह होगा कि देश के हर नागरिक तक विकास का लाभ कैसे पहुंचाया जाए और विकसित भारत के विजन को जमीनी स्तर पर कैसे लागू किया जाए।
नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल बैठक में समावेशी मानव विकास के चार प्रमुख स्तंभों पर विचार-विमर्श होगा। इनमें मजबूत मानव पूंजी और भविष्य के लिए तैयार कौशल, रोजगार, उद्यमिता और विकेंद्रीकृत विकास, स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण, तथा समानता और गरिमा शामिल हैं।

बैठक में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, कौशल विकास को मजबूत करने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही शासन व्यवस्था, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), डेटा आधारित प्रणाली और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बेहतर समन्वय के जरिए विकास के लक्ष्यों को हासिल करने की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

बैठक का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य राज्यों के विकास विजन को राष्ट्रीय विजन के साथ जोड़ना भी है, ताकि पूरे देश में संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अलावा, दिसंबर 2025 में आयोजित मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन की सिफारिशों पर भी चर्चा होगी। सम्मेलन में प्रारंभिक बाल शिक्षा, स्कूली शिक्षा, स्किलिंग, उच्च शिक्षा और खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों जैसे विषयों पर सुझाव दिए गए थे।

सरकार का मानना है कि यह बैठक विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग को और मजबूत करेगी तथा मानव विकास से जुड़े क्षेत्रों में ठोस और मापनीय परिणाम सुनिश्चित करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *