पीएम मोदी ने सेवा और सुशासन का नया अध्याय लिखा : शाह

ram

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को एक साथ आगे बढ़ते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में जनकल्याण, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, आवास और आर्थिक विकास के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं।

अमित शाह ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि नरेंद्र मोदी ने आज ही के दिन लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और गरीब कल्याण के संतुलित मॉडल को सफलतापूर्वक लागू होते देखा है। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने से लेकर देशभर में 90 से अधिक नए हवाई अड्डों और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत तक, सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। शाह ने बताया कि 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 1.45 लाख किलोमीटर सड़कों और लगभग 3,000 किलोमीटर आधुनिक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया गया है।

स्वास्थ्य, आवास और ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख
गृह मंत्री ने कहा कि 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन देकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

‘एक भी दिन अवकाश लिए बिना की देश सेवा’
अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 12 वर्षों में एक भी दिन अवकाश लिए बिना देश और देशवासियों की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व की नीयत स्पष्ट हो, लक्ष्य राष्ट्रहित हो और समर्पण पूर्ण हो, तभी इस प्रकार के परिवर्तन संभव हो पाते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया परिवर्तनकारी दौर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि 12 वर्ष पहले नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण को शासन के केंद्र में स्थापित किया था। उन्होंने कहा कि इस अवधि में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल परिवर्तन और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है।

सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मुद्दों का भी किया उल्लेख
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के पुनर्स्थापन जैसे कदमों ने देश की अस्मिता, आत्मगौरव और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस परिवर्तनकारी यात्रा के केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी का ‘प्रधानसेवक’ भाव और सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी भावना के साथ देश ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।

तीसरे कार्यकाल का भी पूरा हुआ एक वर्ष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के साथ ही तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष भी पूरा हो गया है। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *