‘पेड्डी’ की रिलीज पर तिरुपति बालाजी के दर पहुंचीं जान्हवी कपूर, किए दर्शन

ram

मुंबई। अभिनेत्री जान्हवी कपूर की बहु प्रतीक्षित दक्षिण भारतीय फिल्म ‘पेड्डी’ गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। इस खास अवसर पर अभिनेत्री आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर (श्रीवारी मंदिर) में दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचीं जाह्नवी कपूर ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान के सामने माथा टेककर फिल्म की सफलता की कामना की। मंदिर परिसर में वह पारंपरिक अंदाज में नजर आईं। खास बात है कि अभिनेत्री मंदिर तक नंगे पैर पहुंचीं। दर्शन के बाद जब वह मंदिर से निकलीं तो उन्होंने प्रवेश द्वार पर रुककर सिर झुकाया और श्रद्धा स्वरूप अपना माथा टेककर भगवान को प्रणाम किया।
इस दौरान जाह्नवी पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आईं। उन्होंने गहरे बैंगनी रंग की सिल्क साड़ी पहनी थी, जिस पर खूबसूरत फूलों की डिजाइन बनी हुई थी। अपने लुक को उन्होंने सोने का कमरबंद, चोकर नेकलेस, झुमकों और पारंपरिक चूड़ियों के साथ पूरा किया।
जान्हवी कपूर अक्सर तिरुपति बालाजी के दर्शन को मंदिर आती रहती हैं। वह लगभग हर साल अपने जन्मदिन के मौके पर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करने तिरुमाला पहुंचती हैं। इतना ही नहीं, वह अपनी दिवंगत मां श्रीदेवी के जन्मदिन पर भी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करती हैं।
उनकी फिल्म ‘पेड्डी’ की बात करें तो यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। फिल्म में जान्हवी कपूर के साथ दक्षिण भारतीय सुपरस्टार राम चरण मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा, फिल्म में बोमन ईरानी, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म की कहानी एक ऐसे युवा की है जो खेलों के माध्यम से अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करता है। क्रिकेट, कुश्ती और दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने वाला यह किरदार कई चुनौतियों, प्रतिद्वंद्विता और सामाजिक दबावों का सामना करता है। राम चरण इस फिल्म में एक बहुमुखी खिलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *