जयपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच आमजन को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा संचालित छह विशेष राज्यव्यापी अभियानों के माध्यम से अब तक 15,995 पेयजल संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं का सफलतापूर्वक समाधान किया गया है।
जन राहत का प्रभावी माध्यम बने विशेष अभियान
प्रदेशभर में संचालित अभियानों के दौरान 3,077 हैंडपंपों की मरम्मत, 1,644 पाइपलाइन लीकेज की दुरुस्ती, 978 प्रेशर संबंधी समस्याओं का समाधान तथा 1,144 बाधित जलापूर्ति क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बहाल की गई। इसके अतिरिक्त 230 कम अवधि वाली जलापूर्ति, 544 कम सप्लाई एवं 121 प्रदूषित जल संबंधी शिकायतों का भी निस्तारण किया गया। विभाग ने 1,401 अवैध जल कनेक्शन हटाने के साथ 6,827 अन्य पेयजल सुधार कार्य भी पूर्ण किए हैं।
विशेष टीमों ने मौके पर किया त्वरित समाधान
अभियान के तहत गठित विशेष टीमों ने शनिवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों, पाइपलाइन नेटवर्क और जलापूर्ति व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। छठे विशेष अभियान में 639 खराब हैंडपंपों को पुनः चालू किया गया, 455 पाइपलाइन लीकेज ठीक किए गए तथा 220 प्रेशर संबंधी शिकायतों का समाधान किया गया। साथ ही 242 क्षेत्रों में बाधित जलापूर्ति बहाल कर आमजन को राहत पहुंचाई गई।
अवैध जल कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई
जल संरक्षण और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। छठे अभियान के दौरान 336 अवैध जल कनेक्शन हटाए गए, जिनमें होटल, ढाबे, सरस डेयरी बूथ तथा कृषि कार्यों में उपयोग किए जा रहे कनेक्शन शामिल थे। इस कार्रवाई से पेयजल की बर्बादी रोकने और आमजन के लिए जल उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिली है।
ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत हुई जलापूर्ति व्यवस्था
ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंपों एवं पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के साथ 550 अन्य पेयजल सुधार कार्य भी पूर्ण किए गए। इन प्रयासों से हजारों ग्रामीण परिवारों को राहत मिली है तथा जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।
2,600 शिकायतों का मौके पर समाधान
पीएचईडी की तकनीकी टीमों ने अभियान के दौरान प्राप्त लगभग 2,600 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर आमजन को तत्काल राहत प्रदान की। विभाग की सक्रियता से पेयजल सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।
अप्रैल से जारी अभियान दे रहे हैं सकारात्मक परिणाम
5 अप्रैल से 23 मई तक संचालित पांच विशेष अभियानों के दौरान 2,438 हैंडपंपों की मरम्मत, 1,189 पाइपलाइन लीकेज की दुरुस्ती, 758 प्रेशर समस्याओं का समाधान, 902 जलापूर्ति बाधित मामलों का निस्तारण, 180 कम अवधि वाली जलापूर्ति, 416 कम सप्लाई, 95 प्रदूषित जल संबंधी शिकायतों का समाधान तथा 6,277 अन्य सुधार कार्य किए गए। इसी अवधि में 1,065 अवैध जल कनेक्शन भी हटाए गए।
हर गांव और हर शहर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर संचालित यह विशेष अभियान संभावित पेयजल संकट को कम करने में अत्यंत प्रभावी साबित हो रहे है। राज्य सरकार का लक्ष्य गर्मी के मौसम में प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक शहर तक पर्याप्त, नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों से पेयजल प्रबंधन में बड़ा सुधार, छह विशेष अभियानों में 15,995 शिकायतों का समाधान ,हजारों परिवारों को मिली राहत
ram


