शिक्षा मंत्री ने सरस डेयरी प्लांट का किया अवलोकन

ram

जोधपुर। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतर्गत दुग्ध संघों में संचालित स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों की श्रृंखला में बुधवार को शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज विभाग मंत्री मदन दिलावर ने पश्चिमी राजस्थान दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (सरस डेयरी प्लांट) का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने डेयरी प्लांट में संचालित मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट, पैकेजिंग यूनिट एवं क्वालिटी कंट्रोल यूनिट का निरीक्षण कर दुग्ध उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं प्रसंस्करण से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री मदन दिलावर ने प्लांट की स्वच्छता व्यवस्थाओं, उत्पादों की गुणवत्ता एवं भविष्य में प्लांट के विस्तार एवं विकास संबंधी योजनाओं के बारे में संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित अंतराल पर गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा उत्पादन प्रक्रिया में स्वच्छता मानकों की प्रभावी पालना पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण इकाइयों में स्वच्छता एवं गुणवत्ता दोनों अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों के अंतर्गत मंत्री दिलावर ने परिसर में वृक्षारोपण किया तथा पक्षियों के लिए परिण्डे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *