अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर, तो ‘आप’ विधायकों ने दिल्ली सरकार पर साधा निशाना

ram

नई दिल्ली। दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए देश में तेल और गैस के भंडार को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि देश के कई हिस्सों में चिंताजनक हालात देखने को मिल रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है। अरविंद केजरीवाल ने पूछा कि सरकार के पास तेल और गैस का कितना स्टॉक उपलब्ध है, वह कितने दिनों तक चलेगा और नया स्टॉक कब तक आने की उम्मीद है? उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर सरकार की चुप्पी से लोगों के बीच भ्रम और डर का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि चारों तरफ अफवाहों का बाजार गर्म है और जनता अफरा-तफरी की स्थिति में है, लेकिन सरकार कहीं दिखाई नहीं दे रही।
वहीं दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के ही विधायक संजीव झा ने दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कथनी और करनी में अंतर का आरोप लगाया। संजीव झा ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री लोगों से बचत करने और अनावश्यक खर्च से बचने की अपील करती हैं, जबकि दूसरी तरफ खुद एलजी हाउस तक पैदल जाकर केवल पीआर करने का प्रयास करती हैं, जबकि वह दूरी मात्र 180 मीटर है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में एक छोटे से पार्क के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के लिए अलग-अलग कॉलोनियों से बसों और गाड़ियों में भर-भर कर लोगों को लाया गया। संजीव झा के मुताबिक जिस पार्क को अरविंद केजरीवाल की सरकार के दौरान प्रस्तावित किया गया था, उसे पूरा करने में मौजूदा सरकार ने करीब डेढ़ साल का समय लगा दिया।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस तरह कार्यक्रमों में सैकड़ों गाड़ियों और बसों का इस्तेमाल फिजूलखर्ची नहीं है। संजीव झा ने तंज कसते हुए कहा, “हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और।” उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता को ऑनलाइन पढ़ाई और वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी जाती है, जबकि दूसरी तरफ सरकारी कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटाकर राजनीतिक प्रदर्शन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *