गोडावण दिवस पर राष्ट्रीय मरु उद्यान से संरक्षण का संदेश वन एवं पर्यावरण मंत्री ने गोडावण प्रतिमा का किया अनावरण, पौधरोपण एवं सफारी कर संरक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ram

जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जैसलमेर स्थित राष्ट्रीय मरु उद्यान में राज्य पक्षी गोडावण की प्रतिमा का अनावरण कर प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का संदेश दिया। इस अवसर पर वन मंत्री शर्मा ने पीपल का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के लिए प्रेरित किया, वहीं जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने मरुधरा की जीवनरेखा मानी जाने वाली खेजड़ी का पौधा लगाकर प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी का आह्वान किया। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री ने राष्ट्रीय मरु उद्यान एवं अभयारण्य क्षेत्र का अवलोकन किया एवं डेज़र्ट नेशनल पार्क क्षेत्र में सफारी कर गोडावण सहित अन्य वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, संरक्षण गतिविधियों एवं प्रबंधन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संरक्षण कार्यों में लगे अधिकारियों एवं कार्मिकों से संवाद कर जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली। इस दौरान वन्यजीव प्रेमी वसना राम ने राज्य पक्षी गोडावण की विशेषताओं, उसके प्राकृतिक परिवेश, जीवन शैली एवं मरुस्थलीय क्षेत्र में पाए जाने वाले अन्य वन्यजीवों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोडावण राजस्थान की समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जिसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। वन मंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गोडावण संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी एवं दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गोडावण केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि राजस्थान की पहचान, गौरव एवं मरुस्थलीय पारिस्थितिकी का अभिन्न हिस्सा है। इसके संरक्षण के लिए सरकार आधुनिक प्रबंधन, सुरक्षित आवास एवं जन-जागरूकता के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने वन विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति एवं वन्यजीवों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है एवं इसमें आमजन की सहभागिता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, सवाई सिंह गोगली, डीएफओ बृजमोहन गुप्ता, वन विभाग के अधिकारी, कार्मिक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *