जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सवाई माधोपुर जिले की मित्रपुरा तहसील के घाटा नेनवाड़ी गांव स्थित भगवान देवनारायण मंदिर में आयोजित 151 कुंडीय महायज्ञ में गुरुवार को शिरकत की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यज्ञकुंड पर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उप मुख्यमंत्री महायज्ञ में भाग लेने के बाद पहाड़ी पर स्थित भगवान देवनारायण मंदिर पहुंचीं, जहां आरती कर भगवान देवनारायण का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। धार्मिक आयोजन के चलते पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने डोई मोड़ से निकाली गई कलश यात्रा में भी शिरकत की। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक अनुष्ठान समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं। हमारे पूर्वजों ने सनातन धर्म की रक्षा एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए समय-समय पर यज्ञ और धार्मिक आयोजन किए। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धर्म और संस्कृति से जुड़े आयोजनों के संरक्षण एवं विकास के लिए सदैव तत्पर है। समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहने चाहिए। इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारी हनुमान सराधना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सवाई माधोपुर जिले के घाटा नेनवाड़ी में 151 कुंडीय महायज्ञ में दी आहुति -पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की
ram


