जयपुर। राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत ने बुधवार को अजमेर प्रवास के दौरान राजस्व मंडल के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा—निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अंतर्गत विविध लोक महत्व के दायित्वों को प्रभावी ढंग से पूरा करने में सभी स्तर से और अधिक मुस्तैदी एवं समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने राजस्व संबंधी सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर उपयोगी सुझाव भेजने के निर्देश प्रदान करते हुए अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों के कार्य निष्पादन में गुणात्मक सुधार के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग एवं फॉलो अप की भी आवश्यकता प्रतिपादित की। निबंधक महावीर प्रसाद ने राजस्व मंडल के प्रशासनिक दायित्व एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से चर्चा की । इस अवसर पर अतिरिक्त निबंधक (न्याय) हेमंत स्वरूप माथुर, उपनिबंधक रविंद्र कुमार, उपनिबंधक सुनीता यादव, वित्तीय सलाहकार सोहन सिंह, सांख्यिकी निदेशक बीना वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
आरआरटीआई का निरीक्षण
प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत ने बुधवार पूर्वाह्न राजस्व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (आरआरटीआई) का निरीक्षण किया एवं वहां प्रशिक्षण व शोध संबंधी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने आरआरटीआई एवं इसके अधीन राज्य भर में चल रहे पटवार प्रशिाक्षण विद्यालयों की सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया । उन्होंने आरआरटीआई में आरटीएस के साथ – साथ रीडर्स तथा अन्य राजस्व कार्मिकों के भी प्रशिक्षण आयोजित किए जाने एवं वहां नवीनतम शोध सामग्री की उपलब्धता एवं तकनीकी संसाधनों के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने आरआरटीआई के आवासीय परिसर व पुस्तकालय आदि का अवलोकन करते हुए विविध नवाचार, रिफ्रेशर कोर्सेज, शोध विशेषज्ञों की सेवाओं एवं नवीनतम साहित्य की उपलब्धता के प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश प्रदान किये।

राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग के प्रमुख शासन सचिव ने की विभाग के काम—काज की समीक्षा
ram


