मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक, वेब पोर्टल पर स्व-गणना की सुविधा 1 मई से 15 मई 2026 तक आमजन से सहयोग की अपील

ram

जयपुर। भारत की जनगणना, राष्ट्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रशासनिक प्रक्रिया है। जनगणना के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक से संबंधित सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है। इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र व राज्य सरकारें विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की योजना बनाती हैं। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री संदेश नायक ने कहा है कि जयपुर जिले में इस महत्वपूर्ण कार्य को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के लिए, जिले के प्रत्येक नागरिक तक जनगणना का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचे तथा जन-जनसमुदाय इस प्रक्रिया के महत्व को समझते हुए सक्रिय रूप से इसमें सहयोग करें। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर के जनगणना 2027 के वैधानिक क्षेत्र में कुल 38 चार्ज अधिकारी हैं जिसमें 20 तहसीलदार, 2 नगर परिषद आयुक्त व 16 अधिशाषी अधिकारी नियुक्त हैं। यहाँ की अनुमानित जनसंख्या 35.54 लाख है जिसमें 5279 हाउस लिस्टींग ब्लॉक में 4883 प्रगणक एवं 793 सुपरवाईजर द्वारा 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जायेगा। डिजिटल इंडिया पहल के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के अंतर्गत जनगणना 2027 में डेटा के संग्रहण और प्रसार की गुणवत्ता, दक्षता तथा समयबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डिजिटल प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए गणकों द्वारा डेटा संग्रहण के लिए एक समर्पित मोबाइल अनुप्रयोग (HLO Application) का उपयोग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आम नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा राजस्थान में 1 मई से 15 मई 2026 तक समर्पित वेब पोर्टल (https://se.census.gov.in) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। यह वेब पोर्टल अंग्रेजी, हिंदी तथा 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है यह मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया के पूर्व 15 दिनों की अवधि तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। परिवार का कोई भी एक सदस्य लगभग 15-20 मिनट में स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परिवार संबंधी विवरण दर्ज कर सकता है तथा स्व-गणना पहचान संख्या अपने मोबाइल, ई-मेल पर प्राप्त कर सकता है। स्व-गणना में सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु सरल एवं सुलभ माध्यम प्रदान किए गए हैं, जिसके माध्यम से परिवार अपनी सुविधा के अनुसार परिवार संबंधी विवरण उपलब्ध करा सकते हैं। प्रगणक द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान, स्व-गणना के विवरण की पुष्टि एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण के लिए, परिवार के सदस्य द्वारा SE ID प्रगणक के साथ साझा करना आवश्यक होगा। जिला कलक्टर ने कार्यालयों व अधीनस्थ कार्यालयों के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 1 मई से 15 मई 2026 तक की अवधि में ज्यादा से ज्यादा स्व-गणना (Self-Enumeration) करने के लिए निर्देशित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *